पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मनातू और उंटारी में 8 एकड़ अवैध अफीम/पोस्ता की खेती नेस्तनाबूद
पलामू : पलामू जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ पुलिस प्रशासन का सख्त रुख जारी है। आज दिनांक 21 फरवरी को मनातू और उंटारी थाना क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाकर कुल 8 एकड़ में लगी अवैध अफीम (पोस्ता) की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मनातू थाना क्षेत्र के ग्राम करमा और नागद के जंगली इलाकों में वन भूमि एवं गैरमजरूआ भूमि पर करीब 6 एकड़ अफीम/पोस्ता की अवैध खेती की जा रही थी। मनातू थाना के पदाधिकारी-जवानों, मिटार पिकेट की टीम और वन विभाग के अधिकारियों ने मिलकर इस फसल को पूर्ण रूप से विनष्ट किया।
इसी दिन उंटारी थाना क्षेत्र के ग्राम गवारलेटवा के ऊपरी पहाड़ी जंगली क्षेत्र में करीब 2 एकड़ में लगी अवैध पोस्ता की खेती को थाना पुलिस बल और CRPF 172 बटालियन के सहयोग से तबाह कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इन अवैध खेती में शामिल व्यक्तियों की पहचान के लिए नाम-पता सत्यापन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। सत्यापन पूरा होने के बाद वन विभाग द्वारा वन अधिनियम के तहत वन वाद दायर कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पलामू पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ यह अभियान निरंतर और सख्ती से चलाया जाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं ऐसी अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें।
पलामू जिले में हाल के महीनों में ऐसी कई कार्रवाइयां हो चुकी हैं, जिससे नशा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। प्रशासन का कहना है कि नशे के खिलाफ यह जंग बिना किसी समझौते के जारी रहेगी।

















