सनसनीखेज हत्या का खुलासा, मात्र 5 दिन में दो अभियुक्त गिरफ्तार; पैसे की मांग पर गला दबाकर की हत्या
पलामू : झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में 28 फरवरी को कोयल नदी के किनारे झाड़ियों में मिले युवक युगेश सिंह की हत्या का मामला पुलिस ने मात्र कुछ दिनों में सुलझा दिया है। पुलिस ने दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार सहित महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मामले की शुरुआत 28 फरवरी 2026 को हुई जब चैनपुर थाना अंतर्गत ग्राम चेड़ाबार के निकट कोयल नदी में एक शव झाड़ियों में छिपाया हुआ मिला। शव की पहचान नावाबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम करचा निवासी युगेश सिंह (पिता-कृष्णा सिंह) के रूप में हुई, जो चेड़ाबार निवासी तिरधारी सिंह के दामाद थे। युगेश सिंह ससुराल आए हुए थे।
मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन पर 1 मार्च 2026 को चैनपुर थाना में कांड संख्या-57/2026 दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(2)/238/3(5) के तहत प्राथमिकी अभियुक्त शिव कुमार सिंह उर्फ शिवपुजन सिंह एवं अन्य पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ।
पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर श्री राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में सदर अंचल के पुलिस निरीक्षक, चैनपुर थाना पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे। छापेमारी के दौरान 5 मार्च 2026 को प्राथमिकी अभियुक्त शिव कुमार सिंह उर्फ शिवपुजन सिंह (उम्र करीब 28 वर्ष, पिता-प्रताप सिंह, ग्राम-चेड़ाबार) और अप्राथमिकी अभियुक्त जय प्रकाश सिंह उर्फ हुड़िया (उम्र करीब 23 वर्ष, पिता-गोविन्द सिंह, ग्राम-चेड़ाबार) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने जुर्म कबूल किया। उन्होंने बताया कि 27 फरवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे वे घर जा रहे थे। ग्राम चेड़ाबार में मुनेश्वर सिंह उर्फ ढेला सिंह के घर के सामने बेल के पेड़ के नीचे मृतक युगेश सिंह नशे की हालत में बैठे थे। अभियुक्तों ने उनसे खर्च के लिए पैसे मांगे, जिस पर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ने युगेश सिंह को कोयल नदी की ओर ले जाकर लोहे के फाइटर (पंच) से मारपीट की और गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को नदी किनारे काशी की झाड़ियों में छिपा दिया।
अभियुक्तों ने आगे बताया कि मारपीट के दौरान मृतक का जीन्स और जूता खुल गया था, जिसे उन्होंने नदी में फेंक दिया। मृतक का पिट्ठू बैग (जिसमें बच्चे के कपड़े और दवाइयां थीं) भी नदी में छिपाया गया था।नअभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने एक लोहे का फाइटर (पंच), मृतक का पिट्ठू बैग और मृतक का एक जोड़ा जूता बरामद किया गया।
















