पालकोट मनरेगा BPO 6 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, ACB की कार्रवाई से मचा हड़कंप

निर्मल सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गुमला: पालकोट प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। ACB की टीम ने गुरुवार को मनरेगा के ब्लॉक प्रोग्राम ऑफिसर (BPO) हरीश प्रजापति को 6 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, पालकोट प्रखंड क्षेत्र में निर्माणाधीन मनरेगा तालाब की जियो टैगिंग के नाम पर BPO ने एक लाभुक से 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। इसके बाद लाभुक ने मामले की शिकायत ACB रांची से की। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद ACB ने कार्रवाई की योजना बनाई।
गुरुवार को ACB की टीम पालकोट पहुंची और जाल बिछाकर BPO हरीश प्रजापति को 6 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी से बंद कमरे में पूछताछ कर रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे रांची ले जाने की प्रक्रिया की जाएगी।

ACB की कार्रवाई के बाद पालकोट प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया। सरकारी कार्यालय में रिश्वत लेते कर्मचारी की गिरफ्तारी से भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। इससे पहले भी गुमला जिले में ACB की टीम रिश्वत लेते कई सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है।
लाभुकों का आरोप है कि सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों को कराने के लिए कई बार रिश्वत की मांग की जाती है। ऐसे में मजबूर होकर लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB से शिकायत करनी पड़ती है।
















