संसद का मॉनसून सत्र आज से, 13 अगस्त तक चलेगा सत्र, सरकार-विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार

नई दिल्ली: संसद का मॉनसून सत्र आज से शुरू हो रहा है। 13 अगस्त तक चलने वाले इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयकों और जनहित के मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच विभिन्न राष्ट्रीय विषयों को लेकर तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सत्र शुरू होने से पहले केंद्र सरकार ने रविवार को संसद भवन परिसर में सर्वदलीय बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक का उद्देश्य संसद की कार्यवाही को सुचारू और सार्थक बनाए रखने के लिए सभी दलों के बीच सहमति बनाना था।

बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष से भी रचनात्मक सहयोग की अपेक्षा करती है। उन्होंने राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे संसद की कार्यवाही को बाधित करने के बजाय जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा में भाग लें।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी राजनीतिक दलों से सदन की गरिमा बनाए रखने और स्वस्थ संसदीय परंपराओं का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सार्थक संवाद और जिम्मेदार भागीदारी आवश्यक है।
संसदीय कार्य मंत्रालय के अनुसार मॉनसून सत्र में कुल 25 दिनों के दौरान 19 बैठकें आयोजित की जाएंगी। सरकार कई विधायी प्रस्तावों को सदन में पेश कर सकती है, जबकि विपक्ष भी महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, किसानों, राष्ट्रीय सुरक्षा और अन्य समसामयिक मुद्दों को उठाने की तैयारी में है।
















