रांची के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर आज विशेष शिविर, मतदाताओं से एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अपील

रांची: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत आज रांची जिले के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर एन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्ति एवं जमा करने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी शहरी मतदाताओं से शिविर का लाभ उठाने और समय पर अपने संबंधित बीएलओ के पास एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अपील की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अद्यतन के लिए एन्यूमरेशन फॉर्म का समय पर जमा होना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से जारी है। 19 जुलाई 2026 की शाम 6 बजे तक रांची जिले के कुल 26,74,681 मतदाताओं में से 24,40,740 मतदाताओं (91.25 प्रतिशत) के बीच एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण किया जा चुका है। वहीं 14,48,314 फॉर्म (54.15 प्रतिशत) का सफलतापूर्वक डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा फॉर्मों के सत्यापन कार्य को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। अब तक 95.91 प्रतिशत फॉर्मों का बीएलओ स्तर पर सत्यापन किया जा चुका है। प्रशासन विशेष शिविरों, घर-घर संपर्क अभियान और सतत निगरानी के माध्यम से शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की दिशा में अभियान को और गति दे रहा है।
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र या बीएलओ से संपर्क कर एन्यूमरेशन फॉर्म समय पर जमा करें और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।

















