रांची जिले में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जून माह की सम्मान राशि का भुगतान
रांची : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी **मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना** के अंतर्गत रांची जिले के 3,85,751 लाभुकों को जून 2025 की सम्मान राशि का भुगतान कर दिया गया है। प्रत्येक लाभुक को 2500 रुपये की दर से कुल 96 करोड़ 43 लाख 77 हजार 500 रुपये की राशि आधार-बेस्ड भुगतान के माध्यम से उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई है। इसके साथ ही, मई माह के द्वितीय चरण की सम्मान राशि के रूप में 74,534 लाभुकों के खातों में 18 करोड़ 63 लाख 35 हजार रुपये का भुगतान भी किया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि जिन लाभुकों का आवेदन स्वीकृत हो चुका है, लेकिन उनके बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हैं, उन्हें योजना का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने सभी लंबित लाभुकों से शीघ्र अपने बैंक खातों को आधार से लिंक कराने की अपील की है, ताकि उन्हें योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिल सके।
जिला प्रशासन द्वारा लाभुकों का भौतिक सत्यापन कार्य तेजी से किया जा रहा है। सत्यापन के बाद पात्र पाए गए लाभुकों को शीघ्र योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। जिन लाभुकों का सत्यापन अभी तक नहीं हुआ है, वे अपनी निकटतम आंगनबाड़ी सेविका से संपर्क कर सत्यापन प्रपत्र प्राप्त करें और आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करें।

















