श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा सिमडेगा और रांची में 800 पौधों का रोपण व वितरण
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : श्री सर्वेश्वरी समूह की सिमडेगा और रांची शाखाओं द्वारा संयुक्त रूप से “सर्वेश्वरी वृक्षारोपण अभियान वर्ष-2025” के पहले चरण का आयोजन जुरकेला, कोलेबिरा प्रखंड, सिमडेगा में किया गया। इस अभियान के तहत 800 फलदार और इमारती पौधों का रोपण एवं वितरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत आरती-पूजन के साथ हुआ। समूह के सदस्यों ने उपेंद्र नाथ शाहदेव के बागान में लगभग 300 पौधे, जैसे आम, अमरूद, महोगनी, शीशम, आंवला, जामुन और कदम, रोपे। इसके पश्चात, ग्रामीणों के बीच एक लघु गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें श्री सर्वेश्वरी समूह के जनकल्याणकारी कार्यों और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर चर्चा हुई। ग्रामीणों को वृक्षों की कमी से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए, वृक्ष संरक्षण का संदेश दिया गया। गोष्ठी के बाद 500 पौधों का वितरण ग्रामीणों के बीच किया गया।
श्री सर्वेश्वरी समूह, एक विश्व स्तरीय सामाजिक और धार्मिक संस्था, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपने जनसेवा कार्यों के लिए दर्ज है। यह समूह हर साल वर्षा ऋतु में वृक्षारोपण अभियान को एक मिशन के रूप में चलाता है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संतुलन और वृक्ष संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में उपेंद्र नाथ शाहदेव, गंगा बड़ाईक, बालेश्वर सिंह, गिरेंद्र नाथ शाहदेव और जुरकेला के ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर सुनील सहाय, आशुतोष कुमार, अशोक पाण्डेय, समरेंद्र सिंह, सीमा सिंह, ज्योति शाहदेव, शैलजा शाहदेव, गंगाधर नाथ शाहदेव, प्रशांत सिन्हा, प्रताप आदित्य नाथ शाहदेव, अंजनी सिंह, पवन कुमार, अरुण प्रसाद, स्वरूप श्रीवास्तव, मनीष कुमार सहित लगभग 40 सदस्य उपस्थित थे।

















