पीएम मोदी ने वाराणसी से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, देश में अब 160 से अधिक ट्रेनें संचालित
वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वाराणसी से देश को चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात दी। पीएम मोदी ने इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को देश की प्रगति का प्रमुख आधार बताया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पीएम मोदी ने कहा, “दुनियाभर के विकसित देशों में आर्थिक विकास का बहुत बड़ा कारण वहां का इंफ्रास्ट्रक्चर रहा है। जिन भी देशों में बड़ी प्रगति और बड़ा विकास हुआ है, उनके आगे बढ़ने के पीछे बहुत बड़ी शक्ति वहां के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की है। आज भारत भी बहुत तेज गति से इसी रास्ते पर चल रहा है।”
उन्होंने आगे जोड़ा कि अधिकांश देशों के विकास में इंफ्रास्ट्रक्चर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। किसी भी शहर में बेहतर कनेक्टिविटी मिलते ही उसका विकास स्वतः तेजी से शुरू हो जाता है। इंफ्रास्ट्रक्चर सिर्फ बड़े पुलों और हाइवे तक सीमित नहीं है।
पीएम मोदी ने काशी-खजुराहो वंदे भारत, फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत, लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत और एर्नाकुलम-बेंगलुरू वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इन चार नई ट्रेनों के साथ अब देश में 160 से अधिक वंदे भारत ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनें भारतीय रेलवे की अगली पीढ़ी की नींव तैयार कर रही हैं। यह भारतीय रेलवे को पूरी तरह ट्रांसफॉर्म करने का एक अभियान है। वंदे भारत ट्रेन भारतीयों की, भारतीयों द्वारा और भारतीयों के लिए बनाई गई है, जिस पर हर भारतीय को गर्व है।
















