सेवा भारती की बैठक में लोकार्पण समारोह की तैयारियों पर चर्चा, कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारियां

रांची: सेवा भारती, झारखंड की ओर से ‘सेवा सुरभि’ के 27वें वार्षिक विशेषांक ‘विश्वगुरु भारत’ के लोकार्पण समारोह की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को सेवा भारती महानगर कार्यालय में सांगठनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सेवा भारती के ट्रस्टी गुरुशरण प्रसाद ने कहा कि ‘विश्वगुरु भारत’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश के सांस्कृतिक और सामाजिक पुनरुत्थान का संकल्प है। उन्होंने कहा कि सेवा भारती के कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि इस विचार और संदेश को समाज के प्रत्येक प्रबुद्ध नागरिक से लेकर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। प्रांतीय उपाध्यक्ष अखिलेश्वर नाथ मिश्र और महानगर अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और पूरी निष्ठा के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में बताया गया कि 13 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे पीपी कंपाउंड, मेन रोड स्थित गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल के सभागार में ‘सेवा सुरभि’ के 27वें वार्षिक विशेषांक का लोकार्पण समारोह आयोजित होगा। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा होंगे, जबकि अध्यक्षता झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) के कुलपति प्रो. सारंग मेधेकर करेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक में मंच संचालन, अतिथि सत्कार, आमंत्रण वितरण, मीडिया प्रबंधन और विधि-व्यवस्था समेत विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए समितियों का गठन किया गया। कार्यकर्ताओं को संबंधित जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में पत्रिका संपादक मंडल के सदस्य अयोध्या नाथ मिश्र, डॉ. हरेंद्र सिन्हा और प्रो. कमल बोस समेत सेवा भारती के विभिन्न आयामों के प्रमुख एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















