सिमडेगा के होनहार छात्र चंद्रमा सिंह और करण साहू राष्ट्रीय कला उत्सव 2025 के लिए महाराष्ट्र रवाना
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : हॉकी और योग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके सिमडेगा जिले ने अब कला के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़नी शुरू कर दी है। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, सलडेगा के दो प्रतिभाशाली छात्र भैया चंद्रमा सिंह और भैया करण साहू ने ‘दृश्य कला 3D’ श्रेणी में पारंपरिक खेल-खिलौनों के निर्माण में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त किया है। दोनों छात्र झारखंड टीम के साथ महाराष्ट्र के पुणे के लिए रवाना हो गए हैं, जहां वे 20 से 25 दिसंबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कला उत्सव 2025 में भाग लेंगे।
सफलता की सीढ़ियां: जिला से राष्ट्रीय स्तर तक
इन दोनों युवा कलाकारों ने अपनी मेहनत और सृजनशीलता से लगातार सफलता हासिल की, उन्होंने सिमडेगा जिले में ‘दृश्य कला 3D’ श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं झारखंड राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुए।
राष्ट्रीय कला उत्सव में वे पारंपरिक खेल-खिलौनों के निर्माण की प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उत्सव देशभर के चुनिंदा छात्रों को अपनी कला कौशल प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार पाठक ने कहा, “यह हमारे विद्यालय, सिमडेगा जिले और पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। चंद्रमा और करण की यह उपलब्धि साबित करती है कि सिमडेगा की धरती प्रतिभाओं की खान है।”
विद्यालय के आचार्य परिवार ने दोनों छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणादायी है, जो अन्य क्षेत्रों में भी सिमडेगा की प्रतिभाओं को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प जगाती है।

















