रांची में फिर हड़कंप: गैलेक्सिया मॉल स्थित पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी
रांची : राजधानी रांची में लगातार बम धमकियों का सिलसिला जारी है। सिविल कोर्ट के बाद अब रातू रोड पर गैलेक्सिया मॉल में स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। अज्ञात अपराधियों ने ईमेल के माध्यम से यह धमकी भेजी है, जिसमें पासपोर्ट ऑफिस को बम विस्फोट से उड़ाने की बात कही गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस धमकी के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। कोतवाली थाना के डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) तुरंत मौके पर पहुंचा। टीम ने पूरे गैलेक्सिया मॉल और पासपोर्ट कार्यालय परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी है। अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की बरामदगी की कोई सूचना नहीं मिली है, लेकिन जांच जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल की जांच शुरू कर दी गई है और भेजने वाले की लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं। धमकी भरा मेल मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

















