रांची पुलिस ने टाइगर मोबाइल जवानों और थाना प्रभारियों को कराया फायरिंग अभ्यास

रांची: पुलिस बल की कार्यक्षमता, फायरिंग दक्षता और ऑपरेशनल तत्परता बढ़ाने के उद्देश्य से राँची पुलिस द्वारा लगातार प्रशिक्षण एवं अभ्यास कराया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 को जैप-1 ग्राउंड, बरियातू में टाइगर मोबाइल में प्रतिनियुक्त सभी पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों के साथ-साथ राँची जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारियों और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को छोटे हथियारों से फायरिंग अभ्यास कराया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
फायरिंग अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों और मानक प्रक्रिया का पालन करते हुए हथियारों के सुरक्षित एवं प्रभावी संचालन का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाने तथा आकस्मिक एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया देने का अभ्यास कराया गया।

पुलिस के अनुसार, इस प्रशिक्षण का उद्देश्य फायरिंग दक्षता के साथ-साथ हथियार संचालन क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और ऑपरेशनल तत्परता को मजबूत करना है। नियमित अभ्यास से पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण से जुड़ी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अधिक प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने में सक्षम होंगे।

वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देश पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के निरंतर प्रशिक्षण, कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। राँची पुलिस का मानना है कि इस तरह के नियमित प्रशिक्षण से पुलिस बल की कार्यकुशलता बढ़ेगी और जन-सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की तत्परता और प्रभावशीलता और मजबूत होगी।

















