होली पर हाई अलर्ट! रांची में पुलिस का फ्लैग मार्च, उपद्रवियों को सख्त चेतावनी
रांची : होली के रंग अभी बिखरने से पहले ही झारखंड पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को होली की पूर्व संध्या पर राजधानी रांची में पुलिस ने बड़े स्तर पर फ्लैग मार्च निकाला।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में यह फ्लैग मार्च अल्बर्ट एक्का चौक से शुरू होकर मेन रोड, कर्बला चौक और चर्च रोड तक निकाला गया। मार्च में रैफ के जवान, जिला पुलिस के अधिकारी, एसडीएम कुमार रजत, प्रशिक्षु आईपीएस साक्षी जमुआर, उपाधीक्षक के.वी. रमन, प्रकाश सोय समेत सशस्त्र बल के सैकड़ों जवान शामिल रहे।
पुलिस प्रशासन का साफ संदेश है – होली का त्योहार भाईचारे और खुशियों का पर्व है, लेकिन किसी भी तरह की हुड़दंग, अफवाह फैलाने या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखें, रंगों के साथ-साथ भाईचारे के रंग भी बिखेरें।
झारखंड पुलिस ने होली के मद्देनजर राज्य भर में अतिरिक्त बल तैनात किया है। राजधानी रांची में ही करीब 2000 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और रात के समय एंटी ड्रंक एंड ड्राइव अभियान भी शुरू कर दिया गया है, ताकि नशे में वाहन चलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई हो सके।

















