झारखंड की सखी मंडल महिलाओं ने दिल्ली में रचा इतिहास, IITF 2025 में 30.72 लाख रुपये के पलाश-आदिवा उत्पाद बेचे
नई दिल्ली : भारत मंडपम, नई दिल्ली में 14 से 27 नवंबर तक चले 44वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF 2025) में झारखंड पविलियन चमकता रहा। झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसाइटी (JSLPS) से जुड़ी सखी मंडल की महिलाओं ने अपने हस्तनिर्मित पलाश और आदिवा ब्रांड के उत्पादों से दिल्लीवालों का दिल जीत लिया और कुल 30.72 लाख रुपये की बिक्री का नया कीर्तिमान स्थापित किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आदिवा ज्वेलरी बनी स्टार, 14.84 लाख से ज्यादा की बिक्री
दिल्ली के लोगों ने आदिवा ब्रांड की पारंपरिक चांदी, ऑक्सीडाइज़्ड ज्वेलरी और डोक्रा क्राफ्ट को हाथों-हाथ लिया। मेले में आदिवा ज्वेलरी की बिक्री 14.84 लाख रुपये से अधिक रही। इसके साथ ही तसर सिल्क साड़ियां, नैचुरल ब्यूटी प्रोडक्ट्स और हैंडीक्राफ्ट आइटम्स को भी खूब पसंद किया गया।
रागी-तिल लड्डू और खाद्य उत्पादों ने जीता स्वाद
पलाश ब्रांड के अंतर्गत सिमडेगा की कोलेबिरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी की महिलाओं द्वारा बनाए गए रागी लड्डू, तिल लड्डू, रागी मिक्सचर, अचार, अरहर दाल और सरसों का तेल दिल्ली के लोगों की पहली पसंद बने। खाद्य उत्पादों की बिक्री भी लाखों में रही।
ग्रामीण महिलाओं को मिली राष्ट्रीय पहचान
यह मेला झारखंड की ग्रामीण महिलाओं के लिए सिर्फ व्यापार का मंच नहीं, बल्कि उनकी कला, कौशल और परिश्रम को देश के सामने लाने का बड़ा अवसर बना। जेएसएलपीएस और ग्रामीण विकास विभाग की लगातार कोशिशों से आज 9.82 लाख से अधिक सखी मंडल महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं।
झारखंड सरकार का संकल्प है कि सखी मंडल की हर महिला आत्मनिर्भर बने और सफल उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बनाए। IITF 2025 में मिली यह भारी सफलता उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।


















