रांची में शीतलहर के कारण 10 जनवरी तक स्कूल बंद, झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने किया स्वागत

रांची में शीतलहर के कारण 10 जनवरी तक स्कूल बंद, झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने किया स्वागत

Share
Link copied

रांची : बढ़ती ठंड और शीतलहर की चेतावनी को देखते हुए रांची जिले के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी विद्यालयों में कक्षाएं स्थगित करने का आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, गैर-सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) तथा निजी विद्यालयों में KG से 12वीं कक्षा तक की कक्षाएं 9 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगी।

मौसम विभाग द्वारा जारी शीतलहर के अलर्ट के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा सके। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि में सरकारी विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मी ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज कराकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।

इस निर्णय का झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने हार्दिक स्वागत किया है। एसोसिएशन ने पूर्व में भी जिला प्रशासन और राज्य सरकार से ठंड को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में अवकाश की मांग की थी। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने कहा, “बढ़ती ठंड के कारण बच्चों में मौसमी बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए यह कदम बेहद जरूरी था। हम जिला प्रशासन के इस संवेदनशील फैसले की सराहना करते हैं।”

गौरतलब है कि झारखंड के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है, और मौसम विभाग ने शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया हुआ है। इस फैसले से अभिभावकों ने भी राहत की सांस ली है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow