नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत स्टेट लेवल कमिटी की सातवीं बैठक आयोजित
रांची : वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखण्ड के सचिव श्री अबू इम्तियाज़ सिद्दीक़ की अध्यक्षता में नेपाल हाउस स्थित कार्यालय कक्ष में नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) के अंतर्गत गठित स्टेट लेवल मॉनिटरिंग एंड इम्प्लीमेंटेशन कमिटी की सातवीं बैठक संपन्न हुई। बैठक में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेएससीसीआई) के अध्यक्ष श्री आदित्य मल्होत्रा तथा उप समिति के चेयरमैन श्री मुकेश कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्रवाई रिपोर्ट की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) से प्राप्त होने वाले अनुदान के निर्गमन एवं प्रभावी उपयोग पर विस्तृत चर्चा की गई। चैम्बर अध्यक्ष श्री आदित्य मल्होत्रा ने केंद्रीय अनुदान के समयबद्ध और प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर देते हुए सुझाव दिया कि राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन देने के लिए प्रारंभिक चरण में सरकारी कार्यालयों तथा स्कूल बसों में इनका उपयोग शुरू किया जाए। साथ ही, प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में रांची, जमशेदपुर तथा धनबाद शहरों के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एयर क्वालिटी इंडेक्स) की समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि वर्तमान में धनबाद को छोड़कर रांची और जमशेदपुर में वायु गुणवत्ता की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है।
इसके अलावा, ग्रीन बिल्डिंग, ग्रीन स्टील, कार स्क्रैपिंग प्रक्रिया तथा ई-वेस्ट प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ। विभागीय सचिव ने इन विषयों पर चैम्बर के साथ अलग से बैठक आयोजित कर विस्तृत चर्चा एवं सुझाव प्राप्त करने पर सहमति जताई।
बैठक में झारखण्ड उद्योग सुरक्षा बल (सूडा) के चेयरमैन श्री सूरज कुमार, परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा झारखण्ड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी भी मौजूद रहे।

















