झारखण्ड चैम्बर द्वारा फिल्मफेयर अवार्ड विजेता कॉस्ट्यूम डिजाइनर दर्शन जालान का सम्मान

झारखण्ड चैम्बर द्वारा फिल्मफेयर अवार्ड विजेता कॉस्ट्यूम डिजाइनर दर्शन जालान का सम्मान

Share
Link copied

रांची : फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) ने आज अपने चैम्बर भवन में एक विशेष समारोह आयोजित कर प्रसिद्ध कॉस्ट्यूम डिजाइनर और फिल्मफेयर अवार्ड विजेता दर्शन जालान को सम्मानित किया। दर्शन जालान को किरण राव निर्देशित फिल्म ‘लापता लेडीज’ के लिए बेस्ट कॉस्ट्यूम डिजाइन का फिल्मफेयर अवार्ड मिला है, जो पूरे झारखण्ड के लिए गर्व की बात है।

समारोह में दर्शन जालान अपने माता-पिता रामप्रसाद जालान व उषा जालान तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उपस्थित थे। चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने दर्शन जालान को सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि दर्शन जालान की यह उपलब्धि झारखण्ड की प्रतिभाओं के राष्ट्रीय स्तर पर उभरने का प्रतीक है। राज्य में फैशन डिजाइनिंग और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए चैम्बर लगातार प्रयासरत है, जिसमें नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) की स्थापना और मजबूत फिल्म नीति की वकालत शामिल है।

दर्शन दर्शन जालान ने सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता में परिवार और मित्रों का बड़ा योगदान है। उन्होंने हाल के कार्यों जैसे ओटीटी सीरीज ‘मिर्जापुर’ और ‘साली मोहब्बत’ का जिक्र किया तथा युवाओं को अनुभव के लिए अन्य शहरों में कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने झारखण्ड में NIFT जैसे संस्थान की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में कलाकारों ने राज्य में फिल्म नीति और सब्सिडी की कमी का मुद्दा उठाया, जिस पर चैम्बर अध्यक्ष ने सरकार से पहल की मांग पर सहमति जताई। झारखण्ड चैम्बर की फिल्म, कला एवं संस्कृति उप समिति के चेयरमैन श्री आनंद जालान ने कहा कि स्थानीय कलाकारों को अवसर देने के लिए फिल्म नीति में चैम्बर को प्रतिनिधित्व दिलाया जाएगा।

सरला बिरला यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर डॉ. गोपाल पाठक ने अभिभावकों से बच्चों की रुचि के अनुसार करियर सहयोग की अपील की तथा घोषणा की कि अगले वर्ष यूनिवर्सिटी में फैशन डिजाइनिंग कोर्स शुरू होगा। उषा जालान ने खुशी जताते हुए अभिभावकों से बच्चों का सहयोग करने की बात कही। चैम्बर महासचिव रोहित अग्रवाल ने रचनात्मक क्षेत्रों में झारखण्ड की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर चैम्बर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष केके साबू सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow