20260225 222130

स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने प्राकृतिक रंगों से दी सुरक्षित होली की सौगात, डीसी कंचन सिंह ने किया लोकार्पण

शंभू कुमार सिंह

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा : होली के पावन पर्व को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में समाहरणालय सभागार में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की दीदियों द्वारा तैयार प्राकृतिक हर्बल गुलाल का विधिवत शुभारंभ किया गया। उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह ने हर्बल गुलाल का लोकार्पण कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी भी उपस्थित रहे।

जिले के टी. टांगर, बानो, केरसई एवं जलडेगा प्रखंडों की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने सामूहिक रूप से यह हर्बल गुलाल तैयार किया है। यह पूरी तरह प्राकृतिक तरीके से बनाया गया है, जिसमें फूलों, हल्दी, चुकंदर (बीटरूट) तथा अन्य वनस्पतियों का उपयोग पारंपरिक विधि से किया गया है। रंगों को सुखाकर और छानकर गुलाल तैयार किया जाता है, जिसमें किसी भी रासायनिक तत्व का प्रयोग नहीं होता। इससे यह त्वचा के लिए पूरी तरह सुरक्षित, सुगंधित और पर्यावरण अनुकूल है।

बाजार में उपलब्ध केमिकल आधारित गुलाल से होने वाली एलर्जी, खुजली और अन्य त्वचा संबंधी समस्याओं को देखते हुए दीदियों ने प्राकृतिक विकल्प उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। हर वर्ष होली पर इस गुलाल की बिक्री से स्वयं सहायता समूहों को अच्छी आय मिलती है, जिससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और वे अधिक आत्मनिर्भर बन रही हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हो रहे हैं तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिल रहा है।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक शांति मार्डी ने हर्बल गुलाल के उत्पादन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त कंचन सिंह ने मौके पर मौजूद दीदियों को गुलाल लगाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और उनके प्रयासों की सराहना की।

उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि इस होली पर रासायनिक रंगों से दूरी बनाएं और स्थानीय स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित हर्बल गुलाल को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा, “स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा और जिले की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल होली मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।”

इस अवसर पर समाज कल्याण पदाधिकारी, जेएसएलपीएस के जिला प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे।

Share via
Share via