20250911 210403

सिमडेगा पुलिस ने लौटाए 67 खोए-चोरी मोबाइल, करीब 12 लाख रुपये की रिकवरी

शंभू कुमार सिंह

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा : आज की डिजिटल दुनिया में मोबाइल फोन जीवन का अभिन्न अंग बन चुका है। ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘सूचना क्रांति’ जैसे स्लोगन के दौर में मोबाइल खोना या चोरी होना किसी के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन जाता है। लेकिन झारखंड के सिमडेगा जिले में पुलिस ने इस समस्या का अनोखा समाधान ढूंढ लिया है। यहां की पुलिस खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन को खोजने में माहिर हो चुकी है। विगत दो-तीन वर्षों में सिमडेगा पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से 67 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मूल मालिकों को लौटा दिए हैं। इनकी कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पिछले 12 महीनों में सिमडेगा पुलिस ने खोए और चोरी गए 67 मोबाइल सेटों को ट्रेस कर मालिकों तक पहुंचाया। यह उपलब्धि कम्यूनिटी पुलिसिंग की मिसाल है। नगर भवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में इन मोबाइलों को मालिकों को सौंपा गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक (एसपी) एम. अर्शी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मोबाइल या कोई अन्य जरूरी दस्तावेज खो जाने पर घबराने की जरूरत नहीं है। तुरंत नजदीकी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराएं। एसपी ने बताया कि सिमडेगा पुलिस लगातार जनसहायता के कार्यों में जुटी है, जिससे जिले में अमन-चैन कायम करने में मदद मिल रही है।

आदिवासी बहुल इस जिले में पुलिस की इस पहल की चारों ओर प्रशंसा हो रही है। लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है और कार्यशैली पर भरोसा मजबूत हुआ है। कार्यक्रम में एसपी ने अपील की कि यदि कोई मोबाइल खो जाए या चोरी हो जाए, तो बिना देर किए पुलिस से संपर्क करें। सिमडेगा पुलिस का यह प्रयास न केवल अपराध नियंत्रण में सहायक है, बल्कि जनता और पुलिस के बीच मजबूत रिश्ता भी कायम कर रहा है।

Share via
Send this to a friend