रांची में सड़क सुरक्षा के लिए विशेष वाहन जांच अभियान: 2.87 लाख रुपये का जुर्माना वसूला, 3 वाहन जब्त
रांची : रांची जिला प्रशासन की सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मुहिम के तहत जिला परिवहन विभाग ने आज रिंग रोड, रातु क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया। यह अभियान उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में संचालित किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अभियान के दौरान कुल 123 वाहनों की गहन जांच की गई। जांच में वाहनों के पथकर (टैक्स), फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (PUC), परमिट, ओवरलोडिंग तथा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस आदि की बारीकी से पड़ताल की गई।
जांच में सामने आया कि 15 वाहनों के दस्तावेज पूर्ण नहीं थे और कई वाहन ओवरलोडिंग की श्रेणी में पाए गए। इन उल्लंघनों पर मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन मालिकों एवं चालकों से कुल 2,87,550 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा, गंभीर उल्लंघन के मामलों में 3 वाहनों को जब्त कर सुरक्षित रखने के लिए रातु थाना में जमा किया गया है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे। उन्होंने वाहन चालकों एवं मालिकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें, ओवरलोडिंग से बचें और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें, ताकि सड़कें सुरक्षित रहें और अनावश्यक जुर्माने से बचा जा सके।
जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि विभाग की टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के अभियान निरंतर चलाती रहेगी, जिससे यातायात अनुशासन मजबूत हो और सड़क सुरक्षा में और अधिक वृद्धि हो।

















