सिमडेगा मंडल कारा का औचक निरीक्षण: भोजन गुणवत्ता से सुरक्षा तक सब संतोषजनक
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर बुधवार को सिमडेगा मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल ने जेल परिसर के विभिन्न हिस्सों, वार्डों, रसोईघर और बंदियों को दी जा रही सुविधाओं की गहन जांच की।
निरीक्षण की शुरुआत बंदियों के भोजन से हुई। सचिव ने खुद दाल, रोटी और सब्जी का स्वाद चखा और गुणवत्ता को संतोषजनक पाया। जांच में पाया गया कि भोजन जेल मैनुअल के मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। रसोई की स्वच्छता, खाद्य सामग्री का भंडारण और उपलब्धता भी ठीक पाई गई।
इसके बाद सभी वार्डों का दौरा किया गया। रहने की व्यवस्था, साफ-सफाई, रोशनी, पीने का पानी और शौचालयों की स्थिति की पड़ताल की गई। बंदियों के सामान की जांच में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।
अधिकारियों ने बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और कानूनी सहायता व अधिकारों की जानकारी दी। सचिव ने जेल प्रशासन को नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मेडिकल रिकॉर्ड, दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई।
सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कवरेज, कर्मियों की तैनाती और आपात प्रबंधन की जांच में सब कुछ व्यवस्थित पाया गया। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक अजय कुमार सहित जेलर और अन्य कर्मी मौजूद रहे।


















