SmartSelect 20210419 150859 Google

टीकाकरण के प्रति ग्रामीणों को उपायुक्त ने किया जागरूक, बुंडू और सोनहातू प्रखंड के ग्रामीणों से बात कर दूर किया भ्रम.

राँची : कोरोना से संबंधित दिशा निर्देशों के अनुपालन और टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए उपायुक्त रांची श्री छवि रंजन ने आज दिनांक 21 मई 2021 को बुंडू और सोनाहातू प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का दौरा किया। ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ-साथ उपायुक्त ने पंचायत स्तर पर गठित टास्क फोर्स के कार्य और कोरोना जांच केंद्रों का भी निरीक्षण किया। साथ ही उपायुक्त ने कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए सोनहातू सीएचसी में व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, बुंडू श्रीमती समीरा एवं संबंधित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

उपायुक्त ने ग्रामीणों से स्वास्थ्य के बारे में पूछा
पंचायत स्तर पर गठित टास्क फोर्स की टीम द्वारा गांव में घर-घर सर्वे का कार्य किया जा रहा है। बुंडू प्रखंड के गोसाईडीह में उपायुक्त ने सर्वे के कार्य का निरीक्षण करते हुए खुद ग्रामीणों से उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा। उपायुक्त ने उनसे कहा कि घर में किसी की भी तबीयत खराब होने पर तुरंत जांच कराएं, साथ ही नजदीक के टीकाकरण केंद्र में जाकर अपना टीकाकरण कराएं।

उपायुक्त ने दूर किया लोगों का भ्रम, सवालों के दिए जवाब
बुंडू के गोसाईडीह और सोनाहातू के तिलवाडीह गांव में उपायुक्त ने कोविड-19 टीकाकरण को लेकर लोगों के मन में व्याप्त भ्रांतियों को भी दूर किया। ग्रामीणों से बात करते हुए उन्होंने उनके सवालों के भी जवाब दिए। उपायुक्त श्री छवि रंजन ने बताया कि टीकाकरण पूरी तरह से सुरक्षित है, आप सभी अपना टीकाकरण जरूर करवाएं । इस दौरान उपायुक्त ने किन परिस्थितियों में टीका नहीं लेना है इसके बारे में भी ग्रामीणों को बताया।

पंचायत टास्क फोर्स टीम से भी की बात
उपायुक्त श्री छवि रंजन ने सर्वे के कार्य में लगे पंचायत टास्क फोर्स की टीम में शामिल सेविका, सहायिका एवं स्वयं सहायता समूह की दीदीयों से भी बात की। उनके कार्य की सराहना करते हुए उपायुक्त ने सर्वे का कार्य गंभीरता से करते हुए किसी में लक्षण पाए जाने पर जांच करा कर उसे स्वास्थ्य सुविधा अच्छी तरह से उपलब्ध कराने के निदेश दिया।

कोविड जांच केंद्रों का भी निरीक्षण
उपायुक्त श्री छवि रंजन ने बुंडू प्रखंड के गोसाईडीह और तेलवाडीह में बनाए गए करोना जांच केंद्रों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों को कहा कि अपने आसपास के लोगों को भी जांच कराने के लिए प्रेरित करें। तेलवाडीह में मुखिया से बात करते हुए लोगों के मन में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करते हुए जांच के प्रति जागरूक करने को कहा। संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को उपायुक्त ने जांच की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने दिया मुख्यमंत्री कोरोना राहत किट
बुंडू प्रखंड के गोसाईडीह गांव स्थित जांच केंद्र के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त को एक व्यक्ति ने बताया कि उनके पिता होम आइसोलेशन में हैं। जिसके बाद उपायुक्त ने उस व्यक्ति को मुख्यमंत्री कोरोना राहत किट दिया। बीडीओ को निर्देशित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों को ससमय मुख्यमंत्री कोरोना राहत किट उपलब्ध कराएं। आपको बताएं कि राज्य सरकार द्वारा होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों को मुख्यमंत्री कोरोना राहत किट उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें कोरोना की दवाइयां और उसके सेवन से संबंधित जानकारी दी जा रही है।

सीएचसी सोनाहातू का निरीक्षण
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनाहातू में कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए की जा रही व्यवस्था का उपायुक्त ने जायजा लिया। सीएचसी में ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड की संख्या बढ़ाए जाने को लेकर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

Share via
Share via