सरकारी बिजली तार चोरी का खुलासा, 19 बंडल तार के साथ पिकअप जब्त

खूंटी: खूंटी पुलिस ने सरकारी बिजली तार चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 बंडल एल्युमिनियम के सरकारी बिजली तार से लदे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। बरामद तार सरकारी बिजली विभाग से संबंधित बताए जा रहे हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर की रात करीब 10:10 बजे खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में सरकारी बिजली तार चोरी कर गुमला से तोरपा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर तोरपा एसडीपीओ विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तोरपा के छाता नदी पुल के पास संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 19 बंडल एल्युमिनियम के सरकारी बिजली तार बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 35 वर्षीय विकास चन्द्र रवि उरांव के रूप में हुई है। वह गुमला सदर थाना क्षेत्र के अम्बुआ पंचायत अंतर्गत गिन्डरा कुम्हार टोली का निवासी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ गुमला, घाघरा और बेड़ो थाना में मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया है। कार्रवाई में तोरपा एसडीपीओ विजय कुमार सिंह, थाना प्रभारी मनीष कुमार, एसआई हरि पिंगुवा समेत थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल रहे। फिलहाल पुलिस बरामद सरकारी बिजली तार के स्रोत और चोरी की पूरी घटना की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि चोरी की इस घटना में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
















