डीएवी पब्लिक स्कूल गुमला में कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, छात्रों ने प्रस्तुत किया देशभक्ति नाटक

निर्मल सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गुमला : डीएवी पब्लिक स्कूल, गुमला में शनिवार को कारगिल विजय दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्या माधवी पांडे के संबोधन से हुई। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “आज हम जिस सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहे हैं, उसका श्रेय उन वीर जवानों को जाता है जिन्होंने दुर्गम पहाड़ियों पर देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। हमें उनके आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।”
सह-पाठ्यचर्या प्रभारी संजुक्ता खटुआ ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवा पीढ़ी में देशप्रेम, अनुशासन और राष्ट्रीय स्वाभिमान की भावना को मजबूत करते हैं। वहीं, एनसीसी एएनओ सेकेंड ऑफिसर अभिजीत झा ने कारगिल के वीर जवानों की वीरता को हर नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने कारगिल युद्ध और भारतीय सेना के शौर्य पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया, जिसकी सभी ने सराहना की। विद्यालय परिसर “जय हिंद” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।
इसके अलावा, कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए “लेटर टू सोल्जर्स” विषय पर ग्रीटिंग कार्ड एवं पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्रों ने अपने पत्रों और कार्डों के माध्यम से सीमा पर तैनात जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर कला शिक्षक पार्थ प्रतिम मैती सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
















