धुर्वा में लापता दो मासूम बच्चों के परिजनों से मिले केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ
रांची : रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत मौसी बाड़ी में 2 जनवरी से लापता दो मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका की खोज अभी तक सफल नहीं हो पाई है। इस मामले में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आज परिजनों से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!संजय सेठ ने मौसी बाड़ी स्थित परिजनों के आवास पर जाकर परिवार से मिले और उनकी पीड़ा को सुना। उन्होंने रांची के एसपी से फोन पर बातचीत कर बच्चों को शीघ्र ढूंढने के निर्देश दिए। श्री सेठ ने कहा कि रांची में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ गया है और प्रशासन तथा शासन का भय समाप्त हो चुका है। दोपहर में दो मासूम बच्चों का अपहरण हो जाना और 6 दिन बीत जाने के बावजूद प्रशासन द्वारा उन्हें न ढूंढ पाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आगे कहा कि शहर में लगे हजारों सीसीटीवी कैमरे केवल वाहनों का चालान काटने के काम आते हैं, लेकिन अपराधी अपराध कर भाग जाते हैं और कैमरे में कैद नहीं होते। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। श्री सेठ ने अपराध के पीछे मुख्य कारण नशे के कारोबार को बताया और प्रशासन से रांची में बढ़ते नशा तस्करी पर कठोर अंकुश लगाने की मांग की।
परिजनों की स्थिति बेहद गंभीर है। बच्चों की मां रो-रोकर बुरी हालत में हैं। श्री सेठ ने शासन-प्रशासन से दोनों बच्चों को शीघ्र ढूंढकर माता-पिता को सौंपने की अपील की।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, उमेश तिवारी, किशनकांत राम, राजेश पोतन, सागर यदुवंशी, भीम यादव, कन्हैया सिंह, बबन यादव, राहुल झा, अभय सिंह और राम सिंह आदि उपस्थित थे।
बता दें कि अंश (लगभग 7 वर्ष) और अंशिका (लगभग 4-6 वर्ष) नामक ये दोनों भाई-बहन 2 जनवरी से लापता हैं। पुलिस अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं ढूंढ पाई है, जिससे परिजनों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

















