विहिप की जिला बैठक में कार्यकर्ताओं पर हमले और फर्जी केस की निंदा, जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
रामगढ़ : विश्व हिंदू परिषद (विहिप) रामगढ़ जिला कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित जिला बैठक में विहिप कार्यकर्ताओं पर हुए हमले और फर्जी केस की कड़े शब्दों में निंदा की गई। बैठक में प्रांत सह मंत्री मनोज पोद्दार और प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक का शुभारंभ ‘ॐ’ के उच्चारण और ‘श्री राम जय राम’ के जयघोष के साथ हुआ।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह ने कहा कि बजरंगियों पर भगवान की कृपा सदैव बनी रहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से धरातल पर कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा, “मिलकर कार्य करेंगे तभी अखंड भारत का सपना साकार होगा, जैसे हमने राम मंदिर का निर्माण अपनी आंखों से देखा।” उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 14 सितंबर को रामगढ़ में जिला अभ्यास वर्ग आयोजित होगा। इसके अलावा, जिले के 96 स्थानों पर शस्त्र पूजन और अक्टूबर माह में दुर्गा वाहिनी का पथ संचलन होगा।
प्रांत सह मंत्री मनोज पोद्दार ने विहिप पदाधिकारियों पर हाल ही में हुए जानलेवा हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि कार्यकर्ताओं पर दर्ज फर्जी केस को वापस लिया जाए और निष्पक्ष जांच कर हमलावरों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा, “कर्म ही हमारी पहचान है। कर्म के बिना हम भगत सिंह नहीं बन सकते। समाज में बाधा डालने वाले दिग्भ्रमित लोग आएंगे, लेकिन हमें विचलित हुए बिना समाज हित में कार्य करते रहना है।”
बैठक में विहिप जिला उपाध्यक्षा रमा शर्मा, जिला मंत्री छोटू वर्मा, सह मंत्री भागीरथ पोद्दार, बजरंग दल जिला संयोजक महेंद्र ठाकुर, सह संयोजक नंदकिशोर राम, दुर्गा वाहिनी जिला संयोजिका अनामिका श्रीवास्तव, सह संयोजिका प्रियंका कुमारी, गौरक्षा प्रमुख अशोक विश्वकर्मा, विनय शर्मा, जिला सत्संग प्रमुख संतोष सिंह, शिवा प्रजापति, आशीष शर्मा, प्रेम प्रजापति, सुभाष नायक, सतीश ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

















