जब मेस्सी खेलते हैं, तो दुनिया सोती नहीं! विरोधी की नींद उड़ती है, करोड़ों प्रशंसक खुद जागते हैं

नवीन कुमार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!“आज रात सोना मत… मेस्सी खेल रहे हैं।”दुनिया के करोड़ों फुटबॉल प्रेमियों के लिए यह सिर्फ एक वाक्य नहीं, बल्कि एक एहसास है। जब लियोनेल मेस्सी मैदान पर उतरते हैं, तो घड़ी की सुइयों का महत्व खत्म हो जाता है। रात के 12 बजें या सुबह के 3, करोड़ों आंखें सिर्फ एक खिलाड़ी के पैरों से निकलने वाले जादू का इंतजार करती हैं।
मेस्सी उन चुनिंदा खिलाड़ियों में हैं, जिनके लिए लोग अपनी नींद, अपनी दिनचर्या और अगले दिन की थकान तक दांव पर लगा देते हैं। क्योंकि उन्हें पता है कि अगर आज की रात सो गए, तो शायद फुटबॉल इतिहास का एक और सुनहरा पल छूट जाएगा। लेकिन सिर्फ प्रशंसक ही नहीं जागते…मेस्सी विरोधी टीमों को भी सोने नहीं देते।

मैच से कई दिन पहले ही विरोधी कोच की नींद उड़ जाती है। वीडियो एनालिस्ट मेस्सी के हर मूव का अध्ययन करते हैं। डिफेंडर सोचते रहते हैं कि उन्हें कैसे रोका जाए। रणनीतियां बनती हैं, योजनाएं तैयार होती हैं, लेकिन जैसे ही गेंद मेस्सी के पैरों में आती है, कई बार सारी योजनाएं कुछ सेकंड में बिखर जाती हैं। यही मेस्सी का जादू है, वह सिर्फ गेंद नहीं चलाते, विरोधियों की धड़कनें भी तेज कर देते हैं
दूसरी ओर, दुनिया के हर कोने में बैठे उनके प्रशंसकों के लिए भी यह किसी त्योहार से कम नहीं होता। भारत में आधी रात के मैच हों या तड़के सुबह की किक-ऑफ, अलार्म बजते हैं, चाय बनती है, टीवी और मोबाइल स्क्रीन जगमगा उठती हैं। पूरा परिवार या दोस्तों का समूह सिर्फ इस उम्मीद में जागता है कि शायद आज मेस्सी कोई ऐसा गोल, कोई ऐसा पास या कोई ऐसी ड्रिब्लिंग दिखा दें, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी याद रखें।
मेस्सी की महानता सिर्फ उनके गोलों में नहीं, बल्कि उस उम्मीद में है जो वह हर मैच में जगा देते हैं। जब तक वह मैदान पर रहते हैं, तब तक उनके समर्थकों को भरोसा रहता है कि मैच का फैसला अभी बाकी है। इसीलिए मेस्सी सिर्फ एक फुटबॉलर नहीं, बल्कि एक ऐसी भावना हैं, जो पूरी दुनिया की जैविक घड़ी बदल देती है। विरोधी इसलिए नहीं सोते कि उन्हें मेस्सी का डर सताता है।समर्थक इसलिए नहीं सोते कि उन्हें मेस्सी का जादू देखना होता है।
शायद दुनिया के बहुत कम खिलाड़ियों के बारे में यह कहा जा सकता है कि उन्होंने लोगों की नींद छीनकर भी उन्हें खुशियां दी हैं। और उनमें सबसे आगे नाम है—लियोनेल मेस्सी।

















