तोरपा में ज्वेलरी दुकान और वाइन हाउस में लाखों की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चोर

खूंटी: खूंटी जिले के तोरपा मेन रोड स्थित एक ज्वेलरी दुकान और वाइन हाउस में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने ज्वेलरी दुकान से करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और वाइन हाउस से नकदी समेत शराब की पेटियां चोरी कर लीं। दोनों घटनाएं सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, तोरपा मेन रोड स्थित मां शांति ज्वैलर्स का ताला और लॉक तोड़कर चोर दुकान में घुस गए। चोरों ने दुकान में रखे करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। रविवार सुबह दुकान संचालक गणेश सोनी जब दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर सभी आभूषण गायब थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार सिंह और थाना प्रभारी मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुट गई है।

इधर, मेन रोड स्थित एक वाइन हाउस में भी देर रात करीब 2:15 बजे चोरों ने शटर का ताला काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर कैश काउंटर से 18 हजार रुपये नकद और करीब 10 पेटी अंग्रेजी शराब लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में चोर सफेद कपड़ों से पूरे शरीर को ढंके हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके चेहरे पर मास्क और हाथों में दस्ताने थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि चोर कार से घटनास्थल पर पहुंचे थे। लगातार दो प्रतिष्ठानों में हुई चोरी की घटनाओं से तोरपा बाजार के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

















