20250809 122932

झारखंड के 9 खिलाड़ी लॉन बॉल वर्ल्ड कप और हांगकांग क्लासिक 2025 के लिए भारतीय कैंप में शामिल

रांची: बोलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने लॉन बॉल वर्ल्ड कप और हांगकांग क्लासिक 2025 के लिए भारतीय कैंप में शामिल 16 खिलाड़ियों की सूची जारी की है, जिसमें झारखंड के 9 खिलाड़ियों ने जगह बनाई है। इनमें 8 महिला खिलाड़ियों में से 4 और 8 पुरुष खिलाड़ियों में से 5 झारखंड से हैं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

महिला वर्ग में झारखंड की चार खिलाड़ी

महिला वर्ग में शामिल झारखंड की खिलाड़ी हैं लवली चौबे, रूपा रानी तिर्की, कविता कुमारी और रेशमा चौहान। लवली और रूपा रानी तिर्की कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं और कई अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारत का नाम रौशन कर चुकी हैं। कविता कुमारी भी कई अंतरराष्ट्रीय इवेंट्स में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, जबकि रेशमा चौहान ने 2025 के उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों में झारखंड के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया था।

पुरुष वर्ग में झारखंड के पांच खिलाड़ी

पुरुष वर्ग में झारखंड के दिनेश कुमार, सुनील बहादुर, आलोक लकड़ा, अभिषेक लकड़ा और प्रिंस कुमार शामिल हैं। ये सभी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। दिनेश और सुनील बहादुर ने कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए रजत पदक जीता था।

खिलाड़ियों का प्रोफाइल

रूपा रानी तिर्की जिला खेल पदाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं, जबकि लवली चौबे, दिनेश, सुनील, कविता और आलोक लकड़ा झारखंड पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

चयन प्रक्रिया और तारीखें

इन सभी खिलाड़ियों को 27 अगस्त को नई दिल्ली के डीपीएस आरके पुरम में रिपोर्ट करना है। चयन प्रक्रिया 28 से 31 अगस्त तक चलेगी, और प्रदर्शन के आधार पर सिलेक्शन कमेटी 31 अगस्त की शाम तक भारतीय टीम की घोषणा कर देगी।

झारखंड बोलिंग टीम के कोच का बयान

झारखंड बोलिंग टीम के सचिव सह कोच मधुकांत पाठक ने कहा, “यह झारखंड के लिए गर्व का क्षण है कि भारतीय कैंप में आधे से अधिक खिलाड़ी हमारे राज्य से हैं। हमारे खिलाड़ियों ने मैदान पर कड़ा परिश्रम किया है। मुझे उम्मीद है कि वे चयन प्रक्रिया में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।”

Share via
Share via