1

CM:-80 उत्कृष्ट विद्यालयों का राज्य स्तरीय शुभारंभ हुआ,मई माह के अंत तक होगी 25 हजार शिक्षकों की नियुक्ति, बोले सीएम हेमंत सोरेन

CM

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्रेरणा चौरसिया

Drishti  Now  Ranchi

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मुताबिक इस महीने के अंत तक 25 हजार शिक्षकों की नियुक्ति कर दी जाएगी. हालांकि राज्य में हजारों नए शिक्षकों की नियुक्ति की उम्मीद है, लेकिन 25 हजार नवनियुक्त शिक्षकों से इस माह के अंत तक प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों में अध्यापन कार्य को मजबूती मिलेगी. मुख्यमंत्री के अनुसार आज का दिन शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति का प्रतीक है। प्रदेश स्तर पर अभी तक 80 उत्कृष्ट विद्यालयों का उद्घाटन किया जा चुका है। झारखंड में पांच हजार और स्कूलों को जल्द ही उत्कृष्ट विद्यालय (स्कूल ऑफ एक्सीलेंस) का दर्जा मिलेगा।

प्राचार्य और शिक्षकों को मिला प्रशिक्ष्रण

उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार ने आईआईएम से सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुसार सभी उत्कृष्ट स्कूल प्राचार्यों और शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया था। उनके अनुसार, हमारी सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में से एक यह सुनिश्चित करना है कि झारखंड में आदिवासी लोगों, दलित लोगों, निम्न सामाजिक आर्थिक स्थिति के लोगों, मजदूरों और किसानों सहित सभी सामाजिक समूहों के बच्चों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा मिले। प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को हमारी सरकार द्वारा मजबूत किया जा रहा है, जो इसके लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने धुर्वा के जगन्नाथपुर स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव उच्च विद्यालय में आज आयोजित राज्य स्तरीय 80 उत्कृष्ट विद्यालयों के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया.

शिक्षा के क्षेत्र में नया आयाम जोड़ने की कोशिश
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने शिक्षा के क्षेत्र में नया आयाम जोड़ने की कोशिश की है। हमारी सरकार ने वर्षों से लंबित पारा शिक्षकों की समस्याओं का समाधान किया है। शिक्षा व्यवस्थाओं में सुधार समय की मांग है। आज प्रतियोगिता का दौर है। प्रतियोगिता के इस दौर में राज्य के स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों को बेहतर शिक्षा देना अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अपने तत्कालीन शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो जी, जो अब हमारे बीच नहीं हैं। उनका भी शिक्षा की बेहतरी के लिए निरंतर प्रयास रहा है। आज इस मौके पर हम उन्हें नमन करते हैं। आज पहले चरण में 80 उत्कृष्ट विद्यालय का उद्घाटन हुआ है। लेकिन मुझे जो जानकारी मिली है अभी भी कई स्कूल हैं, जहां कुछ कार्य बाकी है। विभाग उन कार्यों को निश्चित रूप से समय अवधि के अंदर पूर्ण करे। अब यह कदम आगे बढ़ चुका है। यह रुक न पाए।

स्कूल होंगे पुरस्कृत
उन्होंने कहा कि राज्य के स्कूलों में शिक्षकों की कमी है। कई अड़चनें, कई बाधाओं की वजह से शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो पाई। लेकिन इस समस्या का समाधान निकाला जा चुका है। इस माह के अंत तक में लगभग 25 हजार की संख्या में शिक्षकों की बहाली होनी है। जो इन स्कूलों में पदस्थापित होकर बच्चों को शिक्षा देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों के संचालन के लिए स्कूल के अंदर एक प्रबंधन समिति है। उन सभी से आग्रह होगा कि वे भी उत्कृष्ट विद्यालयों में बेहतर शिक्षा के लिए अहम भूमिका निभाएं, ताकि स्कूलों का संचालन बेहतर ढंग से किया जा सके। जो स्कूल बेहतर प्रदर्शन करेगा। समय-समय पर उसका आकलन कर उस विद्यालय के बच्चों और शिक्षकों को पुरस्कृत किया जाएगा।
आज से शुरू हुआ एडमिशन
आज के कार्यक्रम से ही मुख्यमंत्री ने ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव उच्च विद्यालय जगन्नाथपुर के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन तथा वेबसाइट का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने 80 उत्कृष्ट विद्यालयों का ऑनलाइन उद्घाटन एवं इन विद्यालयों में नामांकन की औपचारिक घोषणा की। मौके पर मुख्यमंत्री द्वारा ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव उच्च विद्यालय जगन्नाथपुर को सीबीएसई से संबद्धता संबंधित प्रमाण पत्र विद्यालय प्रधान को सौंपा गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री का सरायकेला, दुमका, लोहरदगा, गिरिडीह एवं पूर्वी सिंहभूम जिलों में आज शुभारंभ हुए उत्कृष्ट विद्यालयों के बच्चों के साथ ऑनलाइन माध्यम से सीधा संवाद भी हुआ।

यहां मिलेगी सस्ती दर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने कहा कि उत्कृष्ट विद्यालय की परिकल्पना कोरोना संक्रमण दौर के समय की गई थी। आज पहली कड़ी में 80 उत्कृष्ट विद्यालयों का राज्यस्तरीय शुभारंभ हुआ है। बेहतर शिक्षा व्यवस्था तीन मानकों पर आधारित है। सुलभ प्रक्रिया, सस्ती दर तथा गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा। उत्कृष्ट विद्यालयों में सुलभ प्रक्रिया, सस्ती दर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। ऐसा देखा जाता है कि निजी विद्यालयों में गुणवत्ता अच्छी होती है परंतु वहां सस्ती दर और सुलभ व्यवस्थाएं नहीं है। उत्कृष्ट विद्यालयों में इन तीनों मानकों पर खरा उतरने का प्रयास किया जा रहा है ताकि राज्य के सभी वर्ग-समुदाय के अध्ययनरत बच्चे-बच्चियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान किया जा सके। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट विद्यालयों का शुभारंभ आज जिला स्तर पर हो रहा है परंतु समापन पंचायत स्तर पर होगी। मौके पर मुख्य सचिव ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के पदाधिकारियों को कुछ आवश्यक सुझाव भी दिए।
शिक्षा के क्षेत्र में यह एक अच्छी पहल
हटिया विधायक नवीन जयसवाल ने कहा कि झारखंड के सरकारी स्कूलों में सीबीएसई की तर्ज पर पठन-पाठन कार्य हेतु आज 80 उत्कृष्ट विद्यालयों का राज्यस्तरीय शुभारंभ हो रहा है। मैं मुख्यमंत्री और उनकी टीम को शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में यह एक अच्छी पहल है। इस नए पहल में उतार-चढ़ाव हो सकता है परंतु लक्ष्य को हासिल करने के लिए जनप्रतिनिधि सहित सभी का सहयोग आवश्यक है। स्कूल प्रबंधन सहित शिक्षकों की कोशिश तथा स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के डेडीकेशन से उत्कृष्ट विद्यालय की परिकल्पना को पूरी की जा सकेगी।

 

Share via
Share via