सऊदी अरब में हादसे में मृत धनंजय महतो का पार्थिव शरीर स्वदेश लाया गया, परिवार को मिलेगा मुआवजा
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की संवेदनशील पहल और श्रमिकों के प्रति सम्मान के परिणामस्वरूप विदेशों में हादसे में मृत कामगारों के पार्थिव शरीर उनके परिजनों तक पहुंचाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सऊदी अरब के तबूक में हादसे में मृत हजारीबाग के धनंजय महतो का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बंडखड़ी, पोस्ट उचाघना, थाना विष्णुगढ़, जिला हजारीबाग लाया गया।
29 वर्षीय धनंजय महतो सऊदी अरब के तबूक में लार्सन एंड टुब्रो (L&T) कंपनी में कार्यरत थे। 24 मई 2025 को कार्य के दौरान एक हादसे में उनकी आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। झारखंड सरकार के श्रम विभाग के अधीन राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष के अथक प्रयासों से उनके पार्थिव शरीर को स्वदेश लाकर परिजनों को सौंपा गया।
राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने कंपनी और मृतक के परिजनों के बीच समन्वय स्थापित कर मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की है। जल्द ही धनंजय महतो के परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार द्वारा प्रवासी श्रमिकों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहना मिल रही है। यह घटना सरकार की संवेदनशीलता और श्रमिकों के प्रति जवाबदेही को दर्शाती है।


















