20250715 093814

गुरुग्राम में बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बची जान

गुरुग्राम : हरियाणवी और बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर सोमवार रात गुरुग्राम में अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। यह सनसनीखेज घटना सेक्टर 71 के सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) के पास हुई, जहां फाजिलपुरिया अपनी सफेद थार गाड़ी में सवार थे। गनीमत रही कि इस हमले में सिंगर बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमलावर एक टाटा पंच कार में सवार होकर आए और फाजिलपुरिया की गाड़ी पर दो से तीन राउंड फायरिंग की। घटना के समय सिंगर ने सूझबूझ दिखाते हुए तेजी से गाड़ी भगाकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि यह हमला रात करीब 8 बजे बादशाहपुर के पास हुआ। गुरुग्राम पुलिस की क्राइम सीन टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक गोलीबारी की पुष्टि नहीं हुई है और न ही सिंगर की गाड़ी पर किसी गोली के निशान मिले हैं।

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया, “इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है और न ही किसी वाहन को गोली लगी है। पुलिस की टीमें मामले की हर पहलू से जांच कर रही हैं।” पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को जानकारी मिली थी कि कुछ असामाजिक तत्व एक सिंगर को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे।

राहुल फाजिलपुरिया, जिनका असली नाम राहुल यादव है, हरियाणवी और बॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री में एक जाना-माना नाम हैं। उनके गाने जैसे ‘लड़की ब्यूटीफुल कर गई चुल’ (कपूर एंड संस, 2016), ‘खर्च करोड़’, ‘2 मेनी गर्ल्स’ और ’32 बोर’ ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। फाजिलपुरिया ने अपने गांव फाजिलपुर के नाम से अपना स्टेज नेम रखा। वह बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता और यूट्यूबर एल्विश यादव के करीबी दोस्त भी हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, फाजिलपुरिया को पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं, जिसके चलते उन्हें हरियाणा पुलिस की सुरक्षा दी गई थी। हालांकि, हाल ही में उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई थी, जिसके बाद यह हमला हुआ। पुलिस इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश या म्यूजिक इंडस्ट्री में प्रतिद्वंद्विता की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है।

Share via
Share via