20250720 173011

श्रावणी मेला 2025: दूसरी सोमवारी की तैयारियों का उपायुक्त ने लिया जायजा, रुटलाइन और होल्डिंग पॉइंट्स का किया निरीक्षण

श्रावणी मेला के दसवें दिन, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने दूसरी सोमवारी को लेकर मेला क्षेत्र के सम्पूर्ण रुटलाइन और विभिन्न होल्डिंग पॉइंट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं, पेयजल, शौचालय और श्रद्धालुओं को दी जाने वाली अन्य सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

उपायुक्त ने कालीबाड़ी, सिंघवा, चमारीडीह, कुमैठा स्टेडियम, नंदन पहाड़, शिल्पग्राम मोड़, नंदन पहाड़ रिंग रोड, बरमसिया, सरकार भवन से बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, शिवराम झा चौक, नेहरू पार्क, बीएन झा पथ, जलसार पार्क और बाघमारा बस स्टैंड जैसे प्रमुख स्थानों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

साफ-सफाई और सुविधाओं पर विशेष ध्यान

उपायुक्त ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाबा मंदिर, शिवगंगा और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, ब्लीचिंग छिड़काव, फॉगिंग और कचड़ा उठाव पर चौबीसों घंटे विशेष ध्यान दिया जाए। इसके अलावा, रुटलाइन में बनाए गए सभी होल्डिंग पॉइंट्स पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधा और सूचना सह सहायता केंद्र की व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने रुटलाइन में सुरक्षा उपायों की बारीकी से जांच की और कार्यपालक अभियंताओं को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बेरिकेड्स, यातायात व्यवस्था और विधि-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर बल दिया, ताकि श्रद्धालुओं को जलार्पण के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

व्यवस्थित जलार्पण के लिए निर्देश

उपायुक्त ने आगामी शनिवार, रविवार और सोमवार को श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थित और सुरक्षित जलार्पण सुनिश्चित करने के लिए सभी होल्डिंग पॉइंट्स पर सुविधाओं को पूर्ण रूप से दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं को कतारबद्ध करने और उनकी सुविधा के लिए किए गए इंतजामों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि श्रावणी मेला में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। सभी विभाग मिलकर यह सुनिश्चित करें कि बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण का कार्य सुगम और सुरक्षित हो।

Share via
Share via