चाईबासा और सरायकेला-खरसावां में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, 14 आईईडी और देशी हैंड ग्रेनेड बरामद
चाईबासा/सरायकेला-खरसावां : नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षाबलों को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। झारखंड के चाईबासा जिले के टोकलो और सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने 14 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) और देशी हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद सभी आईईडी का वजन लगभग 2-2 किलोग्राम था। सुरक्षा के लिहाज से बम निरोधक दस्ते ने इन सभी विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। इसके अलावा, सुरक्षाबलों ने देशी हैंड ग्रेनेड और अन्य संदिग्ध सामान भी जब्त किया है।
जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों ने इन विस्फोटकों को जंगलों और पगडंडियों में पहले से छिपाकर रखा था, ताकि सुरक्षाबलों को निशाना बनाया जा सके। हालांकि, सुरक्षाबलों की सतर्कता और समय पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन ने नक्सलियों के इन खतरनाक मंसूबों को नाकाम कर दिया।
नक्सलियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी है। सुरक्षाबल क्षेत्र में सक्रिय रूप से गश्त और सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


















