स्वर्गीय डॉ. करमा उरांव की स्मृति में इंटर आदिवासी छात्रावास फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 की तैयारियां शुरू
रांची : एंथ्रोपोलॉजी विभाग के अध्यक्ष, समाजसेवी और आदिवासी समाज के हितेषी स्वर्गीय डॉ. करमा उरांव की स्मृति में आयोजित होने वाले इंटर आदिवासी छात्रावास फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 की तैयारियों को लेकर रांची के विभिन्न आदिवासी छात्रावासों के छात्र-छात्राओं ने आज पूर्व मंत्री बंधु तिर्की के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में टूर्नामेंट की रूपरेखा तय करने के साथ-साथ छात्र-छात्राओं के साथ विचार-विमर्श किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए खेल का अहम योगदान है। फुटबॉल एक ऐसा खेल है जो न केवल शारीरिक शक्ति और स्फूर्ति प्रदान करता है, बल्कि मन और मस्तिष्क को भी ऊर्जावान बनाता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को खेल के माध्यम से एकजुटता, अनुशासन और नेतृत्व के गुणों को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में रांची के विभिन्न आदिवासी छात्रावासों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जिनमें कार्तिक उरांव आदिवासी छात्रावास से जॉन मिंज और दिनेश भगत, बिरला छात्रावास से नितेश उरांव, सेंट जेवियर कॉलेज से दिवस टेटे, भागीरथी आदिवासी बालिका छात्रावास से अंजलि लकड़ा और देवंती कुमारी, सरना आदिवासी बालिका छात्रावास से प्रभा कुमारी और जया लकड़ा, सरस्वती हरिजन बालिका छात्रावास से संगीता कुमारी और नीतिका मिंज, तथा आदिवासी बॉयज छात्रावास, हातमा से निखिल टुडू और सुमित मुंडा शामिल थे।
बैठक में रितेश कुमार राजा ने आयोजन की तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर टूर्नामेंट को भव्य और सफल बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं की भागीदारी, आयोजन की तारीख, स्थान और अन्य व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श शामिल था।

















