स्वतंत्रता दिवस समारोह 2025: रांची में तैयारियों को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक
रांची : मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर आज उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय ब्लॉक-A के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा, उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार सहित पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने समारोह के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल-1 को मैदान के दोनों ओर वाटरप्रूफ पंडाल, गैलरी, कुर्सी व्यवस्था, मैदान समतलीकरण, बैरिकेटिंग, स्टेज निर्माण और साउंड सिस्टम के लिए टावर निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला नजारत उपसमाहर्ता को मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम, मुख्य मंच और अतिथियों के लिए बैठने की व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यपालक अभियंता, विद्युत कार्य प्रमंडल, रांची को विद्युत आपूर्ति और साउंडप्रूफ जेनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही, कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, गोंदा को पेयजल आपूर्ति, वीआईपी टॉयलेट और परेड पूर्वाभ्यास के लिए अस्थायी शौचालय की व्यवस्था करने को कहा गया। उपायुक्त ने मोरहाबादी की ओर जाने वाली सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई, मेडिकल कैंप और अग्निशमन व्यवस्था को भी समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने पर जोर दिया, ताकि आयोजन भव्य और सुचारू रूप से संपन्न हो।


















