सड़क पर फूहड़ डांस का वायरल वीडियो, परिवहन मंत्री ने दिए जांच के आदेश
धनबाद: सड़क पर एक महिला द्वारा फूहड़ डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद झारखंड के परिवहन मंत्री दीपक बिरूआ ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। रक्षाबंधन के अवसर पर उन्होंने सभी महिलाओं से अपील की है कि वे नृत्य के लिए उचित मंच का उपयोग करें, क्योंकि सड़क पर इस तरह का प्रदर्शन समाज में गलत संदेश फैलाता है।
मंत्री बिरूआ ने धनबाद के उपायुक्त (डीसी) को इस मामले की जांच करने और कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि उक्त महिला को परिवहन नियमों की जानकारी दी जाए और वीडियो में इस्तेमाल किए गए वाहन की जांच कर नियमों के तहत उचित कार्रवाई की जाए।
वायरल वीडियो में सड़क पर किए गए इस डांस ने न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन किया, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर शालीनता को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। परिवहन मंत्री ने इस घटना को सामाजिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां समाज में नकारात्मक प्रभाव डालती हैं।


















