पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना को ईडी का समन, 1xBet मामले में कल होगी पूछताछ

पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना को ईडी का समन, 1xBet मामले में कल होगी पूछताछ

Share
Link copied

नई दिल्ली : पूर्व भारतीय क्रिकेटर और चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार खिलाड़ी सुरेश रैना को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप 1xBet से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिए समन जारी किया है। रैना को बुधवार, 13 अगस्त 2025 को दिल्ली में ईडी मुख्यालय में अपने बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है।

प्रवर्तन निदेशालय इस समय 1xBet जैसे अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म्स की जांच कर रहा है, जो कथित तौर पर लोगों को ठगने और भारी मात्रा में कर चोरी करने में शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, सुरेश रैना का इस ऐप के साथ कुछ विज्ञापन या प्रचार गतिविधियों के जरिए संबंध रहा है। ईडी रैना से उनकी इस कथित संलिप्तता के बारे में पूछताछ करेगी और उनके बयान को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज किया जाएगा।

यह पहली बार नहीं है जब ईडी ने इस मामले में हस्तियों को निशाना बनाया है। इससे पहले जून 2025 में पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, युवराज सिंह और अभिनेत्री उर्वशी रौतेला से भी इस सट्टेबाजी ऐप के प्रचार के संबंध में पूछताछ की जा चुकी है। ईडी का कहना है कि ये प्लेटफॉर्म खुद को स्किल-बेस्ड गेमिंग के रूप में पेश करते हैं, लेकिन वास्तव में रिग्ड एल्गोरिदम के जरिए जुआ चलाते हैं, जो भारतीय कानूनों के तहत अवैध है।

38 वर्षीय सुरेश रैना ने भारत के लिए 18 टेस्ट, 226 वनडे और 78 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें प्रशंसकों के बीच लोकप्रिय बनाया। हाल ही में, रैना ने विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में भी हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने और अन्य भारतीय क्रिकेटरों ने पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में पाकिस्तान के खिलाफ मैच का बहिष्कार किया था।ल

ईडी ने इस जांच के तहत कई कानूनों, जैसे सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम, विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) और पीएमएलए के उल्लंघन की जांच शुरू की है। जांच में यह भी सामने आया है कि इन सट्टेबाजी ऐप्स ने विज्ञापन अभियानों के लिए 50 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए हैं।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow