बाबूलाल मरांडी ने गोड्डा एनकाउंटर पर उठाए सवाल, CBI जांच की मांग

बाबूलाल मरांडी ने गोड्डा एनकाउंटर पर उठाए सवाल, CBI जांच की मांग

Share
Link copied

रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गोड्डा में हुए सूर्यनारायण हांसदा एनकाउंटर को लेकर झारखंड सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच के लिए तत्काल CBI जांच की मांग की है।

मरांडी ने कहा कि झारखंड पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति और दर्ज FIR में एनकाउंटर की कहानी में विरोधाभास है। FIR के अनुसार, पुलिस हांसदा को गिरफ्तार कर पहाड़ी के पास ले जा रही थी, तभी उसके साथियों ने हमला किया और हांसदा ने एक जवान से राइफल छीनकर भागने की कोशिश की। वहीं, प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया गया कि पुलिस तलाशी के दौरान पहले से कार्रवाई कर रही थी, जब हांसदा के दस्ते ने फायरिंग शुरू की और उसने राइफल छीनी।

मरांडी ने सवाल उठाया कि एक ही घटना की दो अलग-अलग सरकारी कहानियां सच्चाई पर संदेह पैदा करती हैं। उन्होंने इसे “मनगढ़ंत कहानी” करार देते हुए कहा कि यह एनकाउंटर संदिग्ध है और सच्चाई को छुपाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने CID जांच को खारिज करते हुए कहा, “CID राज्य पुलिस का हिस्सा है और अपने ही अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती। CID की कार्यप्रणाली और वर्तमान में इसके प्रमुख विवादास्पद रिटायर्ड अधिकारी की करतूतें किसी से छिपी नहीं हैं। दूध की रखवाली बिल्ली को नहीं सौंपी जा सकती।”

मरांडी ने मुख्यमंत्री से इस मामले की निष्पक्ष और विश्वसनीय जांच के लिए तत्काल CBI जांच का आदेश देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि CID की कार्यशैली का पर्दाफाश भी जल्द होगा।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow