20250816 201833

26वां वीर शहीद थॉमस सोरेंग अंतरराज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट: एस ए ब्रदर्स सबडेगा ने जीता खिताब

शंभू कुमार सिंह

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सिमडेगा के एक्का स्टेडियम में 26वां वीर शहीद थॉमस सोरेंग अंतरराज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में एस ए ब्रदर्स, सबडेगा (उड़ीसा) ने जय दुर्गा फुटबॉल क्लब, उड़ीसा को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। रोमांचक फाइनल मैच में हजारों दर्शकों की भीड़ ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्टेडियम को गुंजायमान कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, विशिष्ट अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजू उरांव उपस्थित रहे। आयोजक मंडल के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, सचिव मोनू बड़ाइक और अमित डुंगडुंग ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

पुरस्कार वितरण और आयोजन की खासियत

विजेता टीम एस ए ब्रदर्स को 2 लाख रुपये नगद और स्वर्ण पदक, जबकि उपविजेता जय दुर्गा क्लब को 1.5 लाख रुपये नगद और रजत पदक से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के आयोजन सिमडेगा को खेल के क्षेत्र में विशेष पहचान दिलाते हैं और युवा पीढ़ी को प्रेरणा देते हैं कि खेल के माध्यम से भी उज्जवल भविष्य बनाया जा सकता है।

प्रवेश शुल्क को लेकर खेल प्रेमियों में निराशा

हालांकि, टूर्नामेंट में 10 रुपये के प्रवेश शुल्क को लेकर कुछ खेल प्रेमियों ने निराशा जताई। उनका कहना था कि यह शुल्क छात्रों और खेल प्रेमियों के लिए बोझ बन सकता है, जो इन आयोजनों से प्रेरणा और अवसर प्राप्त करते हैं। साथ ही, चंदा वसूली और दानवीरों के प्रचार के बावजूद प्रवेश शुल्क लिया जाना स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय रहा।

आयोजक मंडल और रेफरी की भूमिका

टूर्नामेंट की सफलता में आयोजक मंडल के राजेश कुमार सिंह, अमित डुंगडुंग, अजीत नवरंगी, रिंकू अग्रवाल, कमल शर्मा, विकास बेसरा, शंभू केशरी, संदीप मिंज, कुलदीप किंडो, निषित टोप्पो, मुख्तार खलीफा और मीडिया प्रभारी सुभाष महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मैच का संचालन रेफरी राजकुमार पाणिग्रही (टाटा लौहनगरी), सूचित टोप्पो (राउरकेला) और राकेश किस्कू (जमशेदपुर) ने किया। मेडिकल टीम में विवेक कुमार और हेमलता कुमारी ने सक्रिय योगदान दिया।

स्वतंत्रता दिवस की खुशी में झूमे दर्शक

फाइनल मुकाबले के साथ-साथ दर्शक और खिलाड़ी नागपुरी और सदरी गीतों पर जमकर झूमे। आयोजकों और खेल प्रेमियों ने एकजुट होकर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाई, जिसकी लोगों ने खूब सराहना की।

Share via
Share via