BCCL एरिया-4 में बड़ा हादसा, सर्विस वैन 400 फीट गहरी खाई में गिरी, 5-6 मजदूरों के फंसे होने की आशंका
धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के एरिया-4 अंतर्गत संचालित मां अम्बे आउटसोर्सिंग कंपनी में शुक्रवार को एक भीषण हादसा हो गया। अचानक हुए भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के कारण कंपनी की एक सर्विस वैन लगभग 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि वैन में 5 से 6 मजदूर सवार थे, जिनके फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही BCCL के वरिष्ठ अधिकारी, सुरक्षा विभाग की टीम और रेस्क्यू दस्ता तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गया। कतरास थाना, रामकनाली ओपी और अंगारपथरा ओपी की पुलिस टीमें भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं। सुरक्षा विभाग की टीम ने युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग कर रहे हैं।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है। अभी तक वैन में सवार मजदूरों की स्थिति के बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई है। रेस्क्यू टीम खाई में गिरी वैन और मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए कड़ी मशक्कत कर रही है।
BCCL के अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और भूस्खलन के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी स्थिति पर नजर रखे हुए है। हादसे के कारणों और मजदूरों की स्थिति को लेकर जल्द ही और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खनन क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्राकृतिक कारणों से होती रहती हैं। प्रशासन से इस तरह के हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है।

















