झामुमो का भाजपा पर पलटवार: समानांतर सरकार का भ्रम छोड़े, विकास में सहयोग करे - विनोद पांडेय

झामुमो का भाजपा पर पलटवार: समानांतर सरकार का भ्रम छोड़े, विकास में सहयोग करे – विनोद पांडेय

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव व प्रवक्ता विनोद पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कड़ा पलटवार किया है। पांडेय ने कहा कि सत्ता से बेदखल होने का मातम मना रही भाजपा को अब तक समानांतर सरकार चलाने का भ्रम है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हर मुद्दे पर भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।

सूर्या हांसदा प्रकरण में भाजपा की मंशा पर सवाल

विनोद पांडेय ने सूर्या हांसदा प्रकरण में भाजपा पर आदिवासी समाज का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झामुमो के वरिष्ठ नेता व विधायक हेमलाल मुर्मू ने सूर्या के आपराधिक इतिहास का पूरा विवरण पहले ही सार्वजनिक कर दिया है। आदिवासी समाज अपराधियों को स्वीकार नहीं करता, लेकिन भाजपा उसे ‘सामाजिक कार्यकर्ता’ बताकर जनता को भटकाने की कोशिश कर रही है। पांडेय ने सवाल उठाया कि सूर्या पर दर्ज 24 से अधिक मुकदमों का सच क्या है? क्या अवैध खनन और तस्करी को संरक्षण देने में भाजपा के कुछ नेता शामिल नहीं रहे? उन्होंने भाजपा से दिल्ली के आकाओं के इशारे पर नाचना बंद करने और हेमंत सरकार को अस्थिर करने की साजिश छोड़ने की मांग की।

नगड़ी भूमि विवाद पर आधे-अधूरे तथ्य पेश कर रही भाजपा

नगड़ी भूमि विवाद पर पांडेय ने कहा कि हेमंत सरकार ने हमेशा रैयतों की भावनाओं का सम्मान किया है और विकास के साथ उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन अधिग्रहण का निर्णय पूर्ववर्ती सरकारों के समय लिया गया था, जिसके खिलाफ संघर्ष भी हुआ। हेमंत सरकार ने संवाद की पहल की, लेकिन भाजपा सस्ती राजनीति के लिए किसानों को भड़काने में लगी है।

भाजपा के पास न जनादेश, न ठोस मुद्दा

विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा के पास न तो जनादेश है और न ही कोई ठोस मुद्दा। वे कभी सीबीआई का राग अलापते हैं, तो कभी भूमि विवाद का बहाना बनाकर जनता को गुमराह करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब समझ रही है और भाजपा की साजिशों को नाकाम करेगी।

केंद्र से झारखंड के हक की मांग करें भाजपा नेता

पांडेय ने बाबूलाल मरांडी से अपील की कि यदि वे वास्तव में आदिवासी समाज और गरीबों के हितैषी हैं, तो केंद्र की भाजपा सरकार से झारखंड के बकाया खनिज राजस्व, विशेष पैकेज और एमएसपी की गारंटी की मांग करें। उन्होंने यह भी पूछा कि हेमंत सरकार द्वारा एसटी को 28%, ओबीसी को 27% और एससी को 12% आरक्षण देने की पहल को पूरा करने के लिए भाजपा नेता केंद्र सरकार और राज्यपाल से क्यों नहीं बात करते?

विकास में सहयोग करें, झूठ की राजनीति छोड़ें

विनोद पांडेय ने भाजपा नेताओं से झूठ की राजनीति छोड़कर जनता की भावनाओं के अनुरूप सकारात्मक सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाना झामुमो की प्राथमिकता है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow