रांची में नगरपालिका (आम) निर्वाचन की तैयारियों हेतु उपायुक्त की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक

रांची में नगरपालिका (आम) निर्वाचन की तैयारियों हेतु उपायुक्त की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक

Share
Link copied

रांची : उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2025 की तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी राजेश कुमार साहू, सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी सह-अंचल अधिकारी (सदर, अरगोड़ा, बड़गाई, नामकुम, हेहल, बुण्डू), सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी (नगड़ी), कार्यपालक दंडाधिकारी मोहम्मद जफर हसनत सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा

अनुपूरक सूची का वार्डवार विखण्डीकरण

उपायुक्त ने मतदाता सूची के अद्यतन हेतु अनुपूरक सूची के वार्डवार विखण्डीकरण की प्रक्रिया की समीक्षा की। सभी शहरी क्षेत्र के अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नगरपालिका चुनाव के लिए तैयार मतदाता सूची का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करें।

मतदान केंद्र से संबंधित दस्तावेज

वार्डवार नक्शा, स्क्रूटनी शीट (प्रपत्र-B और प्रपत्र-C) और संबंधित प्रतिवेदनों की स्थिति पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इन प्रतिवेदनों को अविलंब उपलब्ध कराएँ।

मतदान केंद्र भवन/स्थल परिवर्तन

मतदान केंद्रों के भवनों या स्थलों में परिवर्तन से संबंधित प्रतिवेदनों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने और आवश्यकता होने पर भवन परिवर्तन का प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

1400 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्र

उन मतदान केंद्रों की सूची पर चर्चा की गई, जहाँ मतदाताओं की संख्या 1400 से अधिक है। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि किसी भी मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या 1400 से अधिक न हो।

आपत्ति निराकरण की स्थिति

मतदाता सूची से संबंधित प्राप्त आपत्तियों के निराकरण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के लिए आवश्यक प्रतिवेदन तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन

उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2025 निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न हो।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow