सरायकेला-खरसावां पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार के साथ एक गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध
सरायकेला-खरसावां पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में अवैध हथियार के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार किया और एक नाबालिग को निरुद्ध किया। यह कार्रवाई खरसावां थाना क्षेत्र में प्लस 2 हाई स्कूल के पास की गई, जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
खरसावां थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को खदेड़कर पकड़ा। तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी राजकिशोर प्रमाणिक (उम्र 30 वर्ष) के पास से एक देशी कट्टा, चार जिंदा गोलियां, एक OPPO कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल, एक गमछा और एक रॉयल एनफील्ड 350 मोटरसाइकिल बरामद की गई। राजकिशोर प्रमाणिक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा संदिग्ध, जो एक नाबालिग है, को निरुद्ध किया गया।
राजकिशोर प्रमाणिक का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। वह खरसावां थाना कांड संख्या 47/2018 (दिनांक 06/04/2018) में धारा 399/402/414 भारतीय दंड संहिता के तहत शामिल रहा है।
इस मामले में खरसावां थाना कांड संख्या 65/2025 दर्ज किया गया है, जिसमें धारा 25(1-B)(a)/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।

















