देशी कट्टा लहराते तीन युवक गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद

गोड्डा पुलिस ने महागामा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए देशी कट्टा लहराने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, 11 मई की मध्य रात्रि पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि केचुआ चौक स्थित जायसवाल होटल के सामने तीन युवक देशी कट्टा लहराते हुए हंगामा कर रहे हैं और होटल संचालक के साथ विवाद कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद के निर्देश पर महागामा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने धर्मेंद्र कुमार दास (24), जितेंद्र कुमार दास (22) और विवेक कुमार दास (26) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी महागामा थाना क्षेत्र के शांति नगर और कलाली टोला के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार युवकों के पास से एक देशी कट्टा, एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक केटीएम बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी होटल में खाने-पीने को लेकर विवाद कर रहे थे। इसी दौरान वे देशी कट्टा लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल महागामा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

















