गोड्डा में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, देशी कट्टा व कारतूस बरामद

गोड्डा : गोड्डा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बलबड्डा थाना क्षेत्र में एक युवक को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 23 जून की शाम पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ब्लू रंग की होंडा एसपी मोटरसाइकिल (JH-17-AG-5132) से मेहरमा से डोय होते हुए बलबड्डा की ओर जा रहा है और उसकी गतिविधियां संदिग्ध हैं। सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक, मेहरमा प्रभाग के नेतृत्व में एक टीम गठित कर विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया गया।
इसी दौरान डोय से आमौर के बीच वाहन जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सद्दाम मंसूरी (32 वर्ष), निवासी जल्लहा, थाना सनोखर, जिला भागलपुर (बिहार) बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोहे का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि हथियार का इस्तेमाल लोगों में भय पैदा करने, रौब जमाने तथा चोरी-छिनतई जैसी घटनाओं में किया जाता था।
इस संबंध में बलबड्डा थाना में कांड संख्या 43/2026 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a) एवं 26 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

















