Prime accused in Samlaung shooting incident arrested with illegal weapon; country-made pistol and live round recovered.

सामलौंग गोलीकांड का मुख्य आरोपी अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार, देशी कट्टा और जिंदा गोली बरामद

Share
Link copied
Prime accused in Samlaung shooting incident arrested with illegal weapon; country-made pistol and live round recovered.
Prime accused in Samlaung shooting incident arrested with illegal weapon; country-made pistol and live round recovered.

रांची: नामकुम थाना क्षेत्र के सामलौंग गोलीकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को रांची पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक लोडेड देशी कट्टा, दो जिंदा गोली और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक को 28 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि कुटियातु स्थित 89 आर्मी ग्राउंड के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम के नेतृत्व में नामकुम थाना पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही दो युवक भागने लगे, जिनमें से एक को पीछा कर पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. खालिद उर्फ खालिद बंगाली उर्फ चुजा (26) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक लोडेड देशी कट्टा तथा जेब से दो जिंदा गोली और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 10 जून 2026 को सामलौंग स्थित अराफात अपार्टमेंट के पास पूर्व की रंजिश और जमीन विवाद के चलते मो. शमशेर आलम पर गोली चलाई थी। इस घटना में शमशेर घायल हो गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

जांच में यह भी सामने आया कि मो. खालिद आर्म्स एक्ट और चोरी समेत कई मामलों का आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से लोअर बाजार थाना, डेली मार्केट थाना और नामकुम थाना में मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि सामलौंग गोलीकांड में शामिल दो अन्य आरोपी सद्दाम उर्फ टीपू और मो. इरशाद आलम को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने इस कार्रवाई में एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।