दीपावली पर उपायुक्त ने कुम्हार बस्ती पहुंचकर खरीदे दीये, बोले- इनके पसीने की कीमत चुकानी होगी

रांची: दीपावली से पहले स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने और पारंपरिक मिट्टी के दीयों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री शुक्रवार को अरसंडे स्थित बोडया रोड के जय प्रकाश नगर की कुम्हार बस्ती पहुंचे। यहां उन्होंने स्वयं कुम्हार परिवारों से दीये खरीदे और उनके कामकाज, समस्याओं तथा जरूरतों की जानकारी ली।
इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि मिट्टी के दीये बनाने में कुम्हार परिवार के सभी सदस्य दिन-रात मेहनत करते हैं। मिट्टी गूंथने से लेकर दीये को आकार देने, सुखाने और रंग-रोगन करने तक की प्रक्रिया काफी श्रमसाध्य होती है। इसके बावजूद उनकी आमदनी अपेक्षाकृत कम रहती है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे स्थानीय कारीगरों से उचित मूल्य पर मिट्टी के दीये खरीदें। उन्होंने कहा, “इनके पसीने की कीमत चुकानी होगी।”

उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन मुख्यमंत्री लघु कुटीर बोर्ड के माध्यम से कुम्हार परिवारों को लगातार सहयोग दे रहा है। कारीगरों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उपलब्ध कराने, प्रशिक्षण देने और अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला इनोवेशन फंड के माध्यम से संरचना निर्माण, आवश्यक उपकरण और अन्य योजनागत सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कारीगर बेहतर परिस्थितियों में अपना पारंपरिक काम जारी रख सकें।
इस दौरान उपायुक्त ने एक महिला कारीगर से पेंशन मिलने की जानकारी ली। महिला ने पेंशन मिलने की पुष्टि की। वहीं, बस्ती की खराब सड़क की स्थिति पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारी को तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया।

दीये खरीदने के बाद उपायुक्त ने डिजिटल माध्यम से भुगतान भी किया। इस दौरान एक छोटी बच्ची ने उन्हें मिट्टी से बना खिलौना भेंट किया। बच्ची के इस स्नेह से उपायुक्त काफी प्रभावित हुए और उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उपायुक्त ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने से कुम्हार समुदाय की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और पारंपरिक कला-कौशल भी आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रहेगा। इस मौके पर एसडीओ सदर कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, ट्रेनी आईएएस आस्था शरण, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय और डीआरपी रांची आतेन विश्वासी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

दीपावली से पहले रांची की 3.94 लाख महिलाओं के खाते में पहुंची मंईयां सम्मान योजना की राशि, मिले 2500 रुपये
रांची: धनतेरस और दीपावली से पहले झारखंड सरकार ने रांची जिले की लाखों महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान…

निशा भगत फेसबुक लाइव मामला: जब एक जिंदगी संकट में थी, तब सोशल मीडिया पर आते रहे हार्ट और हंसने वाले रिएक्शन!
लाइव वीडियो देखने वाले लोगों की भूमिका पर उठे सवाल, क्या सोशल मीडिया पर संवेदनशीलता और मानवीय जिम्मेदारी खत्म होती जा रही…

















