बुंडू में टायर दुकान में चोरी का खुलासा, चार गिरफ्तार; 16 टायर समेत चोरी का सामान बरामद

रांची: बुंडू थाना क्षेत्र के बिरसा मोड़ के पास टायर कॉर्नर दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के 16 अपोलो टायर, तीन इन्वर्टर, चार बैटरी, एक स्टेबलाइजर, तीन मोबाइल और घटना में इस्तेमाल टाटा मैजिक वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, एक अक्टूबर 2026 की रात दुकान से 26 अपोलो टायर, एक इन्वर्टर, एक बैटरी, करीब 30 से 40 हजार रुपये नकद और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चोरी कर लिया गया था। इस मामले में बुंडू थाना में कांड संख्या 61/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रांची के निर्देश पर एसपी ग्रामीण के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी राधा मोहन सिंह मुंडा (36), प्रवीण पातर मुंडा (32), रमेश सिंह मुंडा (26) और करण कुमार महतो (30) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी के टायर अड़की थाना क्षेत्र के जंगल से तथा अन्य सामान आरोपियों के घरों से बरामद किए गए। घटना में इस्तेमाल लाल रंग की टाटा मैजिक गाड़ी भी जब्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में तीन खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि करण कुमार महतो रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी राधा मोहन सिंह मुंडा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2011 में अड़की थाना में आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने तीन अक्टूबर को अड़की थाना क्षेत्र में एक कॉस्मेटिक सेंटर और एक घर में भी चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इस मामले में भी चोरी का सामान बरामद किया गया है।

धनबाद रिंग रोड घोटाले में 85 साल के नरसिंह दास गिरफ्तार, 6.32 करोड़ के फर्जी मुआवजे का आरोप; अब तक 18 की गिरफ्तारी
धनबाद। झारखंड के चर्चित धनबाद रिंग रोड भूमि अधिग्रहण घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है।…

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में झारखंड हॉकी को मिला सम्मान, मनोज कोनबेगी को भगवंत मान ने किया सम्मानित
मोहाली: पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के फाइनल मुकाबले के अवसर पर हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी को विशेष रूप से…
















