सिग्मा गैंग का ’दि एंड’! बिहार के ‘सिग्मा एंड कंपनी’ गैंग के सरगना रंजन पाठक समेत 4 मोस्ट वांटेड गैंगस्टर ढेर

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार देर रात एक हाई-वोल्टेज ऑपरेशन में बिहार के कुख्यात ‘सिग्मा एंड कंपनी’ गैंग के चार मोस्ट वांटेड अपराधियों को एनकाउंटर में मार गिराया। यह घटना रोहिणी इलाके में बहादुर शाह मार्ग पर हुई, जहां बदमाशों ने पुलिस पर गोलीबारी की थी। मारे गए अपराधी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में दहशत फैलाने और हिंसक गतिविधियों की साजिश रच रहे थे।

पुलिस के अनुसार, एनकाउंटर 22-23 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब 2:20 बजे शुरू हुआ। डॉक्टर अंबेडकर चौक से पंसाली चौक तक फैली यह मुठभेड़ करीब 10-15 मिनट चली, जिसमें इलाके में गोलियों की तड़तड़ाहट गूंजती रही। बदमाशों ने पुलिस टीम पर अचानक हमला बोला, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई। मुठभेड़ के बाद चारों अपराधियों को रोहिणी स्थित डॉ. बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मारे गए अपराधियों में गैंग का सरगना रंजन पाठक (25 वर्ष) शामिल है, जो बिहार के सीतामढ़ी जिले के मलहई गांव (थाना सुरसंड) का निवासी था। उसके पिता का नाम मनोज पाठक बताया गया है। रंजन पर हत्या, अपहरण, रंगदारी और लूट जैसे कई संगीन मामलों में वांटेड था। अन्य मारे गए अपराधियों में बिमलेश महतो उर्फ बिमलेश साहनी (25 वर्ष), मनीष पाठक (33 वर्ष) और अमन ठाकुर (21 वर्ष) शामिल हैं।

ये सभी ‘सिग्मा एंड कंपनी’ गैंग के प्रमुख सदस्य थे, जो बिहार में लंबे समय से सक्रिय था। गैंग पर हत्या, अपहरण और रंगदारी जैसे अपराधों के दर्जनों मामले दर्ज हैं। सूत्रों के मुताबिक, ये अपराधी पिछले कुछ महीनों से दिल्ली में छिपे हुए थे और बिहार चुनावों के दौरान राज्य में बड़े अपराध की योजना बना रहे थे।

दिल्ली और बिहार पुलिस लंबे समय से इस गैंग पर नजर रखे हुए थी। सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर जॉइंट टीम ने रोहिणी सेक्टर-28 में घेराबंदी की। एनकाउंटर साइट से AK-47 राइफल समेत कई हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, जबकि फोरेंसिक और क्राइम सीन जांच टीम ने घटनास्थल की तफ्तीश की।

पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई बिहार चुनावों की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। गैंग के सरगना रंजन पाठक के मारे जाने से गिरोह की कमर टूट गई है। जांच जारी है, और अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।


















